मध्य प्रदेश में चार दिन और सताएगी लू-उमस, 25 जून के बाद मानसून की दस्तक के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में चार दिन और सताएगी लू-उमस, 25 जून के बाद मानसून की दस्तक के आसार


भोपाल, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। प्रदेश में 26 जून तक लू, तेज गर्मी और कहीं-कहीं आंधी-बारिश का मिला-जुला असर बना रहेगा। मानसून की रफ्तार धीमी होने और प्री-मानसून गतिविधियों में कमी के कारण तापमान और उमस दोनों बढ़ गए हैं। पिछले दो दिनों से जबलपुर संभाग के कई क्षेत्रों में लू का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आज सोमवार को नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, उमरिया और डिंडौरी में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में आंधी और बारिश भी हो सकती है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, देवास, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहने का अनुमान है।

इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

लू और उमस के बीच प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां भी जारी रह सकती हैं। झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मैहर, अनूपपुर, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा और अशोकनगर में तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। रायसेन में 61 मिमी यानी करीब ढाई इंच वर्षा दर्ज की गई। भोपाल में दोपहर के समय तेज बारिश हुई, जबकि सतना में लगभग पौन इंच पानी गिरा। इसके अलावा जबलपुर, खजुराहो, नौगांव और सिवनी में भी बारिश दर्ज की गई।

तापमान में आई गिरावट

बारिश के असर से रविवार को कई शहरों के तापमान में कमी देखी गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 37.1 डिग्री, ग्वालियर में 39.7 डिग्री, उज्जैन में 36 डिग्री और जबलपुर में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सिवनी और शिवपुरी में 35 डिग्री, रायसेन में 36 डिग्री तथा सागर और टीकमगढ़ में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दतिया सबसे गर्म रहा, जहां पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मानसून की एंट्री में और इंतजार

मध्य प्रदेश में मानसून तय समय से करीब सात दिन पीछे चल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए अभी चार दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। 23 जून तक मानसून के छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की ओर आगे बढ़ने की संभावना है, जबकि 25 जून के बाद इसके मध्य प्रदेश में प्रवेश करने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story