मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में, 15 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, खंडवा सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में, 15 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, खंडवा सबसे गर्म


मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में, 15 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, खंडवा सबसे गर्म


- आज भी कई जिलों में लू चलने की चेतावनी

भोपाल, 17 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग सबसे ज्यादा गर्मी की चपेट में हैं। शनिवार को खंडवा और नौगांव में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 15 शहरों में पारा 43 डिग्री या उससे अधिक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रतलाम, खरगोन और खंडवा में तीव्र लू चलने की संभावना है। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार जा सकता है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज और सीधी समेत कई जिलों में लू का असर बना रहेगा। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, मंदसौर, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी में भी तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से दिनभर पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की है। विभाग के मुताबिक 17 से 19 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। रविवार को कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गथा है।

गौरतलब है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से आंधी-बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था। 10 मई तक लगातार बारिश होती रही। कभी पश्चिमी विक्षोभ तो कभी चक्रवात और टर्फ सिस्टम के कारण मौसम बदला रहा। 11 मई को राहत मिली, लेकिन 12 से 15 मई के बीच फिर कई इलाकों में आंधी और बारिश देखने को मिली। इस तरह मई के शुरुआती 16 दिनों में से 13 दिन प्रदेश में बारिश, आंधी या ओलावृष्टि का असर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story