मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेज, तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी, सबसे गर्म रतलाम

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेज, तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी, सबसे गर्म रतलाम


भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है, जबकि दोपहर में हालात और ज्यादा गर्म हो रहे हैं। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं कई शहरों में यह बढ़ोतरी 5 से 6 डिग्री तक पहुंच गई है।

मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है और फिलहाल यही स्थिति बनी रहने के आसार हैं। आज रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। वहीं, बीते शनिवार को प्रदेश के 18 शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 40.6 डिग्री रहा। इसके अलावा नर्मदापुरम में 39.4 डिग्री, धार में 39.2 डिग्री, खरगोन में 39 डिग्री और गुना में 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर, रायसेन और सागर जैसे शहरों में भी तापमान 37 डिग्री से ऊपर बना रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में 38 डिग्री के साथ सबसे ज्यादा गर्मी रही। इंदौर में 37.6 डिग्री, भोपाल में 36.8 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और ग्वालियर में 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर के समय धूप में ज्यादा देर तक न रहने की सलाह दी है। साथ ही हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

गौरतलब है कि इस बार अप्रैल की शुरुआत में मौसम सामान्य से अलग रहा। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। ग्वालियर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे और लगभग 45 जिलों में बारिश हुई। अप्रैल और मई को गर्मी के प्रमुख महीने माना जाता है और आमतौर पर अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से ही तेज गर्मी का दौर शुरू हो जाता है, जो अब प्रदेश में साफ तौर पर नजर आने लगा है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story