मध्य प्रदेश में बारिश की रफ्तार थमी, जुलाई में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी, आज 21 जिलों में हल्की बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बारिश की रफ्तार थमी, जुलाई में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी, आज 21 जिलों में हल्की बारिश के आसार


मध्य प्रदेश में बारिश की रफ्तार थमी, जुलाई में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी, आज 21 जिलों में हल्की बारिश के आसार


भोपाल, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ते ही गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जुलाई के बीच मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। आज बुधवार को 21 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले छह दिनों से प्रदेश में कहीं भी भारी या अति भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है। हालांकि कई जिलों में दिन के समय बादल छाए रहे, लेकिन बारिश का असर सीमित रहा। इसी वजह से प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। अब तक प्रदेश में 241.8 मिमी (9.5 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस अवधि तक सामान्य वर्षा 260 मिमी (10.2 इंच) मानी जाती है। यानी इस सीजन में अब तक करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

क्षेत्रवार स्थिति देखें तो पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में औसत से 21 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। वहीं पश्चिमी हिस्से, जिसमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग शामिल हैं, वहां सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story