मध्य प्रदेश में ग्वालियर सहित 11 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, कई शहरों में 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में ग्वालियर सहित 11 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, कई शहरों में 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान


भोपाल, 07 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम लगातार बदला हुआ बना हुआ है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, चक्रवाती सिस्टम और ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत 11 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

अलर्ट वाले जिलों में ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। वहीं दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत प्रदेश के 44 जिलों में गर्मी भी तेज रहने की संभावना है। कई शहरों में दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, नीमच और मंदसौर में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है, जबकि 9 और 10 मई को पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। 10 मई से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर अगले दो दिनों बाद दिखाई दे सकता है।

बुधवार को प्रदेश में लगातार सातवें दिन भी कई जिलों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहा। धार समेत कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिला। मई की शुरुआत में लगातार बारिश होने से फिलहाल गर्मी से राहत बनी हुई है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल मध्य प्रदेश में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इनमें एक प्रदेश के मध्य हिस्से में और दूसरा ऊपरी क्षेत्र में बना हुआ है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन पूर्वी हिस्से से गुजर रही है, जिसके कारण प्रदेश में मौसम लगातार बदला हुआ बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story