मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आज 17 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट, 4 मई तक जारी रहेगा असर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आज 17 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट, 4 मई तक जारी रहेगा असर


भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को भोपाल और ग्वालियर सहित 15 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई, जबकि उमरिया और मुरैना में ओले भी गिरे।

मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को ग्वालियर समेत 17 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को सुबह से लेकर देर रात तक कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। भोपाल, ग्वालियर, सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, रायसेन, बालाघाट, छतरपुर, मुरैना, सागर, पन्ना, मैहर, उमरिया और रीवा जैसे जिलों में कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के कारण कोलार रोड सहित कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

आज इन जिलों में असर

शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि, शाम के समय कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं।

मई की शुरुआत बदली हुई

जहां आमतौर पर मई महीने की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ होती है, इस बार शुरुआती दिनों में ही आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 4 मई तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, मौसम विभाग ने बताया कि 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा, जिससे अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story