मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में फिर बरसेंगे बादल, 27 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा सक्रिय

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में फिर बरसेंगे बादल, 27 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा सक्रिय


भोपाल, 25 फरवरी (हि.स.)। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। आज बुधवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन मार्च की शुरुआत में एक बार फिर बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव प्रदेश में भी पड़ेगा। इसके चलते 1 और 2 मार्च को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फरवरी की शुरुआत से ही प्रदेश में बारिश और ओलों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, पांढुर्णा, रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, मंडला, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी में कहीं तेज बारिश तो कहीं ओले गिरे।

इसके पहले 24 घंटों में श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, मैहर, सीधी और सिंगरौली में ओलावृष्टि भी हुई।

जहां बारिश हुई है वहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि बाकी जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। रात में भी ठंड का असर कम हो गया है। सोमवार और मंगलवार की रात प्रदेश के पांच बड़े शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान पचमढ़ी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंदसौर में 10.9 डिग्री, शाजापुर में 11.5 डिग्री, चित्रकूट में 11.7 डिग्री, राजगढ़ में 12 डिग्री, खजुराहो में 12.2 डिग्री और दतिया में 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story