मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी, आज 37 जिलों में लू का अलर्ट, खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी, आज 37 जिलों में लू का अलर्ट, खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म


मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी, आज 37 जिलों में लू का अलर्ट, खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म


भोपाल, 24 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लोगों को तेज धूप व लू का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म शहर रहे। नौगांव में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस और खजुराहो में 45.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा। लोगों को फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है। विभाग ने आज रविवार के लिए टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गर्म हवाओं के साथ तापमान बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में लू की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। अगले चार दिनों तक लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story