मध्य प्रदेश के 14 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, नर्मदापुरम-जबलपुर और चंबल संभाग में रहेगा ज्यादा असर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के 14 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, नर्मदापुरम-जबलपुर और चंबल संभाग में रहेगा ज्यादा असर


मध्य प्रदेश के 14 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, नर्मदापुरम-जबलपुर और चंबल संभाग में रहेगा ज्यादा असर


- भोपाल में बूंदाबांदी के आसार

भोपाल, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। पूर्वी हिस्से में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ के असर से कई जिलों में शनिवार को नदी-नाले उफान पर रहे। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के जिले शामिल हैं। भोपाल में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक अगले 24 घंटे में श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और सीधी में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, मंडला, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

भारी बारिश ने बढ़ाई परेशानी

शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने परेशानी बढ़ाई। सीधी में करीब छह महीने पहले बनी 104 करोड़ रुपये की सड़क का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। वहीं पन्ना में उफनती नदी में एक डंपर बह गया। पन्ना के धरमपुर थाना क्षेत्र में कालिंजर से अजयगढ़ जा रहा डंपर शहपुरा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। चालक सनी उर्फ रोहित सिंह ने तैरकर अपनी जान बचाई। वहीं, सतना के नागौद क्षेत्र में ललचहा-इटमा नाले में तेज बहाव के दौरान बाइक समेत तीन लोग बह गए। बालेंद्र सिंह और दीपू पांडेय तैरकर बाहर निकल आए, जबकि तीसरा व्यक्ति तेज बहाव में बहने के बाद लापता है।

छतरपुर के महाराजपुर क्षेत्र के हरपई पुरवा में कुम्हेड़ नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 250 से 300 लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुल नहीं होने के कारण बारिश के दौरान ग्रामीणों का महाराजपुर से संपर्क मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को उन्हें कंधे पर बैठाकर नदी पार करानी पड़ती है। बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।

नरसिंहपुर में लगातार बारिश और बरगी बांध के गेट खुले होने से नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरमान के रेतघाट पर बना पुल पूरी तरह पानी में डूब चुका है। वहीं नरसिंहपुर-जबलपुर को जोड़ने वाला झांसीघाट पुल भी जलमग्न होने की स्थिति में पहुंच गया है।

23 से 26 अगस्त तक बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक 21 और 22 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। अब 23 से 26 अगस्त तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। बारिश का प्रभाव धीरे-धीरे पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है।

40 जिलों में सामान्य से कम बारिश

प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, डिंडौरी, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में सामान्य से 1 प्रतिशत से 51 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में भी सामान्य से 2 प्रतिशत से 47 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

15 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी

इसके विपरीत अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story