मप्र: जबलपुर-रीवा-शहडोल संभाग में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज 18 जिलों में अलर्ट, भोपाल-ग्वालियर में भी आसार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: जबलपुर-रीवा-शहडोल संभाग में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज 18 जिलों में अलर्ट, भोपाल-ग्वालियर में भी आसार


मप्र: जबलपुर-रीवा-शहडोल संभाग में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज 18 जिलों में अलर्ट, भोपाल-ग्वालियर में भी आसार


भोपाल, 16 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। लो प्रेशर एरिया और मानसून टर्फ के असर से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इसके चलते जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में अगले तीन दिन भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। आज रविवार को 18 जिलों में 4 इंच या इससे ज्यादा बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सतना, मैहर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौजूदा सिस्टम का असर भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग में भी रहेगा। इन संभागों के कुछ जिलों में 16, 17 और 18 अगस्त को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में अब तक 544.4 मिमी यानी 21.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य बारिश 618.8 मिमी यानी 24.4 इंच से करीब 3 इंच कम है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 6 प्रतिशत कम पानी गिरा है।

पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश 19 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में 2 प्रतिशत से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में भी सामान्य से 1 प्रतिशत से 48 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। वहीं, अब तक भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story