मध्य प्रदेश के जबलपुर-रीवा, शहडोल-सागर में आज भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में हल्की बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के जबलपुर-रीवा, शहडोल-सागर में आज भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में हल्की बारिश के आसार


भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। शुक्रवार को जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मैहर, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग के मुताबिक, 12 अगस्त की सुबह बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना था, जो 13 अगस्त की सुबह डिप्रेशन में बदल गया। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ सक्रिय रहेगी। इसका असर मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक देखने को मिलेगा। खासकर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में अब तक 524.8 मिमी यानी करीब 20.7 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 597 मिमी यानी करीब 23.5 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 5 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश अब तक 19 प्रतिशत तक कम रही है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में सामान्य से 5 प्रतिशत से 53 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 3 प्रतिशत से 47 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story