मध्य प्रदेश के दमोह, मंडला और डिंडौरी में आज भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के दमोह, मंडला और डिंडौरी में आज भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना


मध्य प्रदेश के दमोह, मंडला और डिंडौरी में आज भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना


- प्रदेश में मानसूनी सीजन में अब तक सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश

भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। प्रदेश के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में 23 जुलाई तक हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 4 से 5 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। आज सोमवार को दमोह, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल और इंदौर सहित 47 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के पिछले 12 दिनों से प्रदेश में कहीं भी व्यापक स्तर पर भारी बारिश नहीं हुई है। इसका असर प्रदेश की कुल वर्षा पर साफ दिखाई दे रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। अब तक प्रदेश में 261.4 मिमी (10.3 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 311.8 मिमी (12.3 इंच) होनी चाहिए थी। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में भी वर्षा सामान्य से 10 प्रतिशत कम रही है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

सोमवार को दमोह, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन इन जिलों के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

प्रदेश में अब तक 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 16 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में एक मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story