मध्य प्रदेश में आज 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पन्ना-सतना-रीवा में 4 इंच तक बरसेंगे बादल

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में आज 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पन्ना-सतना-रीवा में 4 इंच तक बरसेंगे बादल


मध्य प्रदेश में आज 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पन्ना-सतना-रीवा में 4 इंच तक बरसेंगे बादल


भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की बेरुखी के बीच शनिवार को पन्ना, सतना और रीवा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच तक बारिश का अनुमान जताया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के 52 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

मौसम विभाग अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 16.8 इंच (426.6 मिमी) बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि में 21 इंच (533.6 मिमी) पानी गिरना चाहिए था। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 4.2 इंच यानी 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश की सामान्य वार्षिक बारिश 37.3 इंच है और अब तक सीजन की बारिश निर्धारित कोटे की आधी भी नहीं हो सकी है।

शुक्रवार को दतिया में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। यहां सुबह महज 4 घंटे में करीब 1.57 इंच (40 मिमी) और 24 घंटे में कुल 3.5 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिसके बाद स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी। भांडेर और सेवढ़ा ब्लॉक में कक्षा 8वीं से ऊपर के स्कूलों के संचालन का निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर संस्था प्रमुखों पर छोड़ा गया है। रायसेन में भी शुक्रवार सुबह करीब 15 मिनट तेज बारिश हुई, इसके बाद रुक-रुककर पानी गिरता रहा। इससे कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

सोन नदी के पुल पर पानी, 40 गांवों का संपर्क प्रभावित

सीधी जिले के भंवरसेन घाट पर शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद सोन नदी के पुल पर पानी भर गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल को बंद करना पड़ा, जिससे करीब 40 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। भंवरसेन पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर खिसककर सड़क पर आने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है। इसके अलावा खरगोन, सतना, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सीधी और रायसेन समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में बारिश 5 प्रतिशत से 48 प्रतिशत तक कम है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश कम

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन, बड़वानी और विदिशा में भी बारिश औसत से कम रही है।

इन 6 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के ग्वालियर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, खंडवा और खरगोन में ही अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story