मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कहीं लू तो कहीं बारिश की चेतावनी, पारा 44 डिग्री पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कहीं लू तो कहीं बारिश की चेतावनी, पारा 44 डिग्री पहुंचा


मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कहीं लू तो कहीं बारिश की चेतावनी, पारा 44 डिग्री पहुंचा


भोपाल, 19 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार को जहां तेज गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, वहीं कई जिलों में बादलों की मौजूदगी भी देखने को मिली। रतलाम में तापमान रिकॉर्ड 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के 6 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अप्रैल महीने में यह दूसरी बार है जब प्रदेश में बारिश जैसे हालात बनने की संभावना है। इससे पहले 1 से 9 अप्रैल के बीच पूरे मध्य प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। इसके बाद से गर्मी ने जोर पकड़ लिया था। अब करीब 10 दिन बाद भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इस सीजन में पहली बार प्रदेश का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है, जो रतलाम में दर्ज किया गया। वहीं, उमरिया में 43.8 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अन्य जिलों की बात करें तो खजुराहो (छतरपुर) में 42.9 डिग्री, गुना में 42.8 डिग्री, दतिया में 42.6 डिग्री, दमोह-नौगांव में 42.5 डिग्री और टीकमगढ़ व सतना में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 41.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा भोपाल में 41.4 डिग्री, जबलपुर में 41.7 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story