मध्य प्रदेश में अब बढ़ेगी गर्मी, थमेगा बारिश-आंधी का दौर, 12 मई से कई जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में अब बढ़ेगी गर्मी, थमेगा बारिश-आंधी का दौर, 12 मई से कई जिलों में लू का अलर्ट


मध्य प्रदेश में अब बढ़ेगी गर्मी, थमेगा बारिश-आंधी का दौर, 12 मई से कई जिलों में लू का अलर्ट


भोपाल, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। पिछले कई दिनों से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब प्रदेश में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 12 मई से कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। रविवार से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू होने के संकेत हैं।

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रतलाम में शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।

शनिवार को कई जिलों में बारिश और आंधी

शनिवार को प्रदेश में ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय रहने के कारण कई जिलों में मौसम बदला रहा। शाम के समय भोपाल, बैतूल, सिवनी, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, गुना, विदिशा, राजगढ़, सागर, जबलपुर, दमोह, बालाघाट, मंडला, उमरिया, शहडोल और छिंदवाड़ा समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

मई में पहली बार तेज गर्मी का असर

प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ था। 9 मई तक कई हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर चलता रहा। कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस तो कभी ट्रफ और चक्रवात के असर से मौसम बदला रहा, जिसके कारण मई के शुरुआती दिनों में सामान्य से कम गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अब मौसम साफ होने लगा है और आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ेगी। खासतौर पर 12 और 13 मई को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी

गर्मी बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने लोगों के लिए सावधानी बरतने की सलाह भी जारी की है। विभाग ने दिनभर पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की है। इसके अलावा दोपहर में लंबे समय तक धूप में रहने से बचने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story