मध्य प्रदेश में गर्मी से लोग बेहाल, खजुराहो-नौगांव सबसे ज्यादा गर्म, आज 20 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में गर्मी से लोग बेहाल, खजुराहो-नौगांव सबसे ज्यादा गर्म, आज 20 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट


मध्य प्रदेश में गर्मी से लोग बेहाल, खजुराहो-नौगांव सबसे ज्यादा गर्म, आज 20 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट


भोपाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। सुबह से ही सूरज की तीखी तपिश महसूस होने लगती है और दोपहर तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर और उज्जैन सहित 20 से अधिक जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है।

लू की चेतावनी जिन जिलों के लिए जारी की गई है, उनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, उमरिया, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं। अन्य जिलों में भी गर्मी का असर बना रहेगा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है। फिलहाल छतरपुर जिला प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बना हुआ है, जहां खजुराहो और नौगांव में तापमान सबसे अधिक दर्ज किया जा रहा है।

बीते शुक्रवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक खजुराहो में 43.9 डिग्री, नौगांव में 43.5 डिग्री, रतलाम में 43.2 डिग्री, सतना और टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, दमोह में 42.6 डिग्री, मंडला और रीवा में 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं धार, सीधी और रायसेन में 42.4 डिग्री, दतिया और नर्मदापुरम में 42.3 डिग्री तथा श्योपुर और शाजापुर में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मलाजखंड, उमरिया और खरगोन में तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। भोपाल में 41.6 डिग्री, इंदौर में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 42 डिग्री और उज्जैन में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के अंतिम दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 27 और 28 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story