मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर, कई शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, आज 10 जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर, कई शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, आज 10 जिलों में लू का अलर्ट


भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही और पारा 27 डिग्री तक बना हुआ है। मंगलवार को खजुराहो और नर्मदापुरम सबसे अधिक गर्म रहे। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी तेज गर्मी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ग्वालियर सहित 10 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सीधी में 42.6 डिग्री, नौगांव में 42.5 डिग्री, रायसेन में 42.2 डिग्री और रतलाम में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं नरसिंहपुर और सतना में 41.6 डिग्री, टीकमगढ़ और रीवा में 41.5 डिग्री, दमोह में 41.4 डिग्री और सागर में 41.3 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा उमरिया और दतिया में 41.2 डिग्री, मंडला में 41 डिग्री, गुना में 40.7 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, श्योपुर में 40.4 डिग्री और शाजापुर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 40.6 डिग्री, भोपाल और ग्वालियर में 40.2 डिग्री, इंदौर में 39.9 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में रात के समय भी गर्मी का असर बढ़ गया है और कई शहरों में तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार यह ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति है, जिसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहता है। फिलहाल प्रदेश में ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ की स्थिति नहीं बनी है। मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट—में बादल छाए रहे। यह स्थिति ट्रफ लाइन गुजरने के कारण बनी।

गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमें दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर में धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story