मध्य प्रदेश में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, तापमान 43 डिग्री के पार, आज 16 जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, तापमान 43 डिग्री के पार, आज 16 जिलों में लू का अलर्ट


मध्य प्रदेश में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, तापमान 43 डिग्री के पार, आज 16 जिलों में लू का अलर्ट


भोपाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को सीजन में पहली बार तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचा। खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं, 9 शहरों में पारा 42 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने आज शनिवार के लिए 16 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं। वहीं, गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए प्रशासन ने कई जगहों पर स्कूलों के समय में बदलाव किया है। भोपाल में स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे। इसके अलावा नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी नई समय-सारणी लागू की गई है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री, जबकि नर्मदापुरम और शाजापुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंचा। भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कई जिलों में लू के थपेड़े भी महसूस किए गए।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमें दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर में धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story