मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों से 45 जिलों में रहा बारिश-ओले का दौर, अब बढ़ेगी तेज गर्मी
- 26 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस होगा सक्रिय
भोपाल, 22 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में बीते चार दिनों (करीब 98 घंटे) तक सक्रिय रहे मजबूत मौसम सिस्टम ने प्रदेश के 45 जिलों में आंधी और बारिश हुई। इनमें से 17 जिलों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अब यह सिस्टम आगे बढ़ चुका है, जिसके बाद प्रदेश में मौसम साफ रहने और तापमान बढ़ने की संभावना है। अगले चार दिनों तक कहीं भी आंधी या बारिश की चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी या बादल छाने की स्थिति बन सकती है। इससे पहले शनिवार को कुछ इलाकों में बादल छाए रहे, खासकर भोपाल में, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रीवा और दतिया में 28.2 डिग्री, नौगांव और सतना में 28.3 डिग्री, सिवनी में 28.4 डिग्री, टीकमगढ़ और सीधी में 28.6 डिग्री, जबकि दमोह और उमरिया में 29 डिग्री दर्ज किया गया। श्योपुर में 29.4 डिग्री, मंडला और खजुराहो में 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 29.4 डिग्री, जबलपुर 29.5 डिग्री, इंदौर 30.6 डिग्री, ग्वालियर 28.4 डिग्री और उज्जैन 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज आंधी और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर केला, पपीता और गेहूं की फसलों पर पड़ा है। धार और खरगोन समेत कई जिलों में नुकसान ज्यादा हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले चार दिनों में इंदौर, धार, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, बुरहानपुर, खंडवा, भोपाल, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, मऊगंज, श्योपुर, मुरैना, दतिया, अशोकनगर, रतलाम, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा और मंडला सहित 45 जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। वहीं अलीराजपुर, बड़वानी, विदिशा, बैतूल, झाबुआ, खंडवा, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, छतरपुर, शिवपुरी, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना और मंडला जिलों में ओले गिरे।
आगे के मौसम को लेकर विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल और मई में इस बार भीषण गर्मी पड़ सकती है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी का असर रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

