मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश, मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, बारिश के भी संकेत

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश, मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, बारिश के भी संकेत


मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश, मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, बारिश के भी संकेत


- अप्रैल-मई में 15-20 दिन लू चलने की संभावना

भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गर्मी ने समय से पहले असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च में कई शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि इसी महीने कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के भी आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक हीट वेव (लू) चल सकती है। फिलहाल मार्च में लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन महीने की शुरुआत में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और चक्रवाती सिस्टम के असर से भोपाल, इंदौर और ग्वालियर-चंबल अंचल में हल्की बारिश हो सकती है। 1 मार्च से गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है। इस महीने कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया जा सकता है। वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 30 से 36 डिग्री के बीच बना हुआ है।

पूर्वानुमान है कि मार्च में गर्मी सामान्य रहेगी, लेकिन भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में इसका प्रभाव अधिक दिखेगा। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी और सिंगरौली में भी पारा बढ़ सकता है, जबकि अन्य जिलों में तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके अलावा 6 मार्च को एक और सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान भी जताया गया है। इस साल अप्रैल और मई सबसे अधिक गर्म रहेंगे। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story