मध्य प्रदेश में गर्मी का असर हुआ तेज, मालवा-निमाड़ में ज्यादा असर, 35 जिलों में पारा 33 डिग्री के पार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर हुआ तेज, मालवा-निमाड़ में ज्यादा असर, 35 जिलों में पारा 33 डिग्री के पार


मध्य प्रदेश में गर्मी का असर हुआ तेज, मालवा-निमाड़ में ज्यादा असर, 35 जिलों में पारा 33 डिग्री के पार


भोपाल, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को प्रदेश के 35 जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी धार, नर्मदापुरम, खरगोन, खंडवा और रतलाम में रही।

मौसम विभाग के अनुसार, आज होली के दिन पूरे प्रदेश में तेज धूप खिली रहेगी। बारिश या बादल छाने की संभावना नहीं है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में तापमान 35 डिग्री के पार जा सकता है। आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च के पहले पखवाड़े में ही कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

तापमान की बात करें तो मंगलवार को धार में 35.9 डिग्री, नर्मदापुरम में 35.4 डिग्री, खरगोन में 35.2 डिग्री, खंडवा में 35.1 डिग्री और रतलाम में 35 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, शाजापुर, गुना, टीकमगढ़, दमोह, सागर, सतना, मंडला, छतरपुर, सिवनी, उमरिया, सीधी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत कई जिलों में पारा 33 डिग्री या उससे अधिक रहा।

सिर्फ दिन ही नहीं, रात का तापमान भी बढ़ा है। जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, गुना, धार, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रतलाम और श्योपुर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। धार में 18.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 18.4 डिग्री और खंडवा में 18 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च में लू चलने की संभावना नहीं है। हालांकि अप्रैल और मई में 15 से 20 दिनों तक हीट वेव का असर रह सकता है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो 6 मार्च से असर दिखाएगा। इसके बाद दो से तीन दिन के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story