मध्‍य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के बीच कई जिलों में छा रहा घना कोहरा, देरी से चल रही ट्रेन-फ्लाइट

WhatsApp Channel Join Now
मध्‍य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के बीच कई जिलों में छा रहा घना कोहरा, देरी से चल रही ट्रेन-फ्लाइट


- शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम तापमान दर्ज

भोपाल, 21 दिसम्‍बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इस बार सर्दी अपने चरम पर है। बढ़ते दिनों के साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड भी अपनी सीमा पार कर रही है। वहीं कोहरे की चादर में पूरा प्रदेश लिपट गया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में 20 से ज्यादा ट्रेनें हर रोज 30 मिनट से 5 घंटे तक लेट हो रही है। वहीं, भोपाल और इंदौर से फ्लाइट भी डिले हैं। प्रदेश में अधिकतर शहरों का तापमान 10 डिग्री के नीचे है। शहडोल के कल्याणपुर में पारा सबसे कम रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और कटनी में कोहरे का असर है। भोपाल, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, विदिशा में मध्यम कोहरा है। यहां विजिबिलिटी 2 से 4 किलोमीटर तक है। कोहरे की वजह से दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर है। दरअसल, उत्तरी राज्यों में भी कोहरा छा रहा है। इस वजह से वहां से मध्‍य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर-उज्जैन की ओर आने वाली ट्रेनें अपने समय पर नहीं आ रही है।

रविवार को भी ग्वालियर समेत प्रदेश के 18 शहरों में कोहरा है। इससे पहले शनिवार को शहडोल के कल्याणपुर में पारा रिकॉर्ड 2.8 डिग्री पर पहुंच गया। मध्‍य प्रदेश में में इस सीजन पहली बार पारा इतना नीचे पहुंचा है। कई शहरों में पारे में गिरावट का दौर जारी रहा। शनिवार की रात में पारा पहली बार 3 डिग्री से नीचे पहुंच गया। शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमरिया में 4.3 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 4.6 डिग्री रहा। वहीं, पचमढ़ी में 5.2 डिग्री, राजगढ़ में 5.4 डिग्री, रीवा में 5.5 डिग्री, मलाजखंड में 5.6 डिग्री, नौगांव में 6.1 डिग्री, रायसेन-छिंदवाड़ा में 6.8 डिग्री, दतिया-सतना में 7.1 डिग्री, मंडला में 7.3 डिग्री, खजुराहो-दमोह में 7.4 डिग्री, बैतूल में 7.5 डिग्री, खंडवा-नरसिंहपुर में 8.4 डिग्री, सागर में 8.9 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, खरगोन में 9.2 डिग्री, सिवनी में 9.4 डिग्री और रतलाम में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के 5 बड़े शहरों में इंदौर में सबसे कम 5.6 डिग्री, भोपाल में 6.2 डिग्री, ग्वालियर में 7.5 डिग्री, उज्जैन में 8.5 डिग्री और जबलपुर में 7.4 डिग्री तापमान रहा। वर्तमान में जेट स्ट्रीम भी चल रही है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर है। यह जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 194 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही है। जिसका असर मध्‍य प्रदेश में भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story