मध्य प्रदेश में 26 मार्च से बदलेगा मौसम, 20 से अधिक जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहले तीन दिन बढ़ेगी तेज गर्मी

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में 26 मार्च से बदलेगा मौसम, 20 से अधिक जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहले तीन दिन बढ़ेगी तेज गर्मी


भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मार्च के अंतिम सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 26 मार्च से प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है। इसका असर खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के 20 से अधिक जिलों में देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाला नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से बदलाव देखने को मिलेगा। जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा। फिलहाल, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश में नहीं होगा। हालांकि, इससे पहले प्रदेश में अगले तीन दिनों तक गर्मी का असर तेज रहेगा। दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बारिश थमते ही बढ़ी गर्मी

प्रदेश में 18 से 21 मार्च के बीच बारिश का दौर चला, जो शनिवार और रविवार को थम गया। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकांश शहरों में पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में 34 डिग्री, इंदौर में 33.3 डिग्री, भोपाल में 33 डिग्री, ग्वालियर में 31.8 डिग्री और जबलपुर में 31.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा रायसेन में 37.6 डिग्री, रतलाम में 37.2 डिग्री, खरगोन और नरसिंहपुर में 36 डिग्री तथा गुना में 33 डिग्री तापमान रहा।

चार दिन तक आंधी-बारिश का असर

पिछले चार दिनों में सक्रिय मजबूत सिस्टम के कारण प्रदेश के 45 जिलों में आंधी और बारिश हुई, जिनमें से 17 जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज आंधी और ओलों के कारण केला, पपीता और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा। धार और खरगोन सहित कई जिलों में इसका ज्यादा असर देखा गया।

अप्रैल-मई में पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल अप्रैल और मई में प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर अधिक रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story