मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 36 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, अगले तीन दिन तक रहेगा असर
भोपाल, 19 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में दो ट्रफ लाइन और एक साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय होने से मौसम का स्ट्रॉन्ग सिस्टम बन गया है, जिसका प्रभाव अगले 72 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। बुधवार को राज्य के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों के करीब 10 जिलों में कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं बादल छाए रहे। बालाघाट में लगभग 1 इंच वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भोपाल, इंदौर और ग्वालियर सहित 36 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगले तीन दिनों तक 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यह मौसम प्रणाली धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगी। 19 और 20 मार्च को इसका असर चरम पर रहेगा, जबकि 22 मार्च के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आई है और कई जिलों में हल्की ठंडक महसूस की गई।
मार्च महीने में इस सीजन की पहली ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है। खासकर सिवनी, मंडला और बालाघाट में दो दिनों तक ओले गिर सकते हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। मार्च के पहले पखवाड़े में गर्मी का असर देखने को मिला था, लेकिन दूसरे पखवाड़े में मौसम का रुख बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस महीने पहली बार इतना मजबूत सिस्टम सक्रिय हुआ है, जिसका असर लगातार तीन दिनों तक रहेगा और पूरे प्रदेश में अलग-अलग रूप में दिखाई देगा, कहीं बारिश, कहीं तेज हवाएं, तो कहीं बादल। आगे के मौसम को लेकर वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल और मई में 15 से 20 दिनों तक लू चलने की संभावना है। मार्च के आखिरी सप्ताह से ही गर्म हवाओं का असर शुरू हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

