मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक अब करीब, 2-3 दिन में होगी एंट्री, आज 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक अब करीब, 2-3 दिन में होगी एंट्री, आज 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट


भोपाल, 24 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून प्रदेश की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 2 से 3 दिनों के भीतर बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते राज्य में प्रवेश कर सकता है। इस दौरान प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय रहेंगी।

आज बुधवार को प्रदेश के 42 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

वहीं नरसिंहपुर जिले में हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में गर्मी का प्रभाव बना रहने की संभावना है।

बीते मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बालाघाट में सवा इंच और रायसेन में करीब पौन इंच बारिश हुई। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बड़वानी समेत कई जिलों में वर्षा का दौर चला।

बारिश और तेज हवाओं के असर से दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खरगोन में 30.4 डिग्री, धार में 31 डिग्री, सिवनी में 32.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 35.3 डिग्री, बैतूल और मंडला में 35.5 डिग्री तथा रायसेन में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री, भोपाल का 32.2 डिग्री, ग्वालियर का 41 डिग्री, उज्जैन का 34.8 डिग्री और जबलपुर का 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दतिया और सीधी सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story