मप्र के विदिशा में 30 फीट ऊंचे पुल से कूदी छात्रा, सेल्समैन ने उफनती नदी में लगाई छलांग, 150 मीटर तैरकर बचाया

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के विदिशा में 30 फीट ऊंचे पुल से कूदी छात्रा, सेल्समैन ने उफनती नदी में लगाई छलांग, 150 मीटर तैरकर बचाया


विदिशा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में मंगलवार सुबह एक छात्रा ने करीब 30 फीट ऊंचे बेतवा बायपास पुल से उफनती नदी में छलांग लगा दी। छात्रा को डूबता देख रायसेन निवासी निजी कंपनी में सेल्समैन विनोद पटेरिया ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। वह करीब 150 मीटर तैरकर छात्रा तक पहुंचे और उसे पकड़कर किनारे ले आए।

नदी से बाहर निकालने के बाद छात्रा सांस नहीं ले पा रही थी। मौके पर मौजूद युवाओं ने तत्काल उसे संभाला और शरीर से पानी निकालने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रा को पास के मंदिर में ले जाया गया, जहां युवाओं ने सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। घटना के दौरान छात्रा को बचाने और सीपीआर देने का वीडियो भी सामने आया है।

पुल पर खड़ी थी छात्रा, पास में मिली स्कूटी

विनोद पटेरिया ने बताया कि मंगलवार सुबह वह बाइक से विदिशा की ओर जा रहे थे। पड़रिया सोठिया के पास बेतवा बायपास पुल पर वे कुछ देर के लिए रुके। इसी दौरान उनकी नजर पुल पर खड़ी एक लड़की पर पड़ी। उसकी स्कूटी भी पास में खड़ी थी। पटेरिया ने छात्रा से पूछा कि वह यहां क्यों खड़ी है, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने दोबारा उससे बात करने की कोशिश की। इसी बीच छात्रा अचानक पुल पर चढ़ी और नदी में छलांग लगा दी। छात्रा को नदी में गिरते देख पटेरिया ने पुल से गुजर रहे वाहन चालकों को रोककर मदद मांगी। उन्होंने बताया कि एक लड़की नदी में कूद गई है और उसे बचाने के लिए मदद की जरूरत है। पटेरिया के मुताबिक, किसी वाहन चालक ने रुककर मदद नहीं की। इसके बाद वह पुल के नीचे नदी की ओर दौड़ पड़े। रास्ते में उन्हें दो युवक मिले। उन्होंने दोनों को घटना की जानकारी दी और छात्रा को बचाने के लिए नदी की ओर चलने को कहा। दोनों युवक भी उनके साथ नदी तक पहुंचे।

उफनती नदी में कूदे, 150 मीटर तैरकर छात्रा को पकड़ा

छात्रा को पानी में डूबते देख विनोद पटेरिया ने नदी में छलांग लगा दी। वह तैरते हुए करीब 150 मीटर दूर छात्रा तक पहुंचे। उन्होंने छात्रा को पकड़ा और उसे लेकर किनारे की ओर तैरने लगे। साथ पहुंचे दोनों युवकों ने भी छात्रा को पानी से बाहर निकालने में मदद की। नदी से बाहर आने के बाद छात्रा की हालत गंभीर थी। वह सांस नहीं ले पा रही थी। मौके पर मौजूद युवाओं ने तुरंत उसे संभाला और प्राथमिक तौर पर उसकी हालत सुधारने का प्रयास किया।

स्कूल बैग में मिले रजिस्टर से परिजन को दी सूचना

छात्रा के कंधे पर स्कूल बैग था। युवाओं ने बैग खोलकर उसमें रखा रजिस्टर देखा। रजिस्टर में छात्रा का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज था। उसी नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी गई। कुछ देर बाद एक युवक मौके पर पहुंचा। इसके बाद छात्रा को एंबुलेंस की मदद से विदिशा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। अस्पताल ले जाने से पहले छात्रा को पास के मंदिर में ले जाया गया था। वहां युवाओं ने सीपीआर देकर उसकी सांस सामान्य करने का प्रयास किया। इसके बाद उसकी हालत में सुधार आया। बताया जा रहा है कि छात्रा की हालत अब ठीक है और उसका इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story