मप्र: ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान छात्र तेज बहाव में डूबा, भोपाल से दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था, रेस्क्यू जारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान छात्र तेज बहाव में डूबा, भोपाल से दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था, रेस्क्यू जारी


खंडवा, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा स्नान के दौरान हादसा हो गया। ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान करते समय एक 17 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक जयवर्धन टोयला छिंदवाड़ा जिले के शक्तिनगर का निवासी था और भोपाल में रहकर पढ़ाई करता था। वह अपने दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए ओंकारेश्वर आया था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे सभी युवक ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान जयवर्धन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह नर्मदा के तेज बहाव में लापता हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन युवक प्रतिबंधित हिस्से की ओर बढ़ गया, जिससे यह हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार उदय मंडलोई, ओंकारेश्वर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों की मदद से नर्मदा नदी में युवक की तलाश लगातार जारी है।

इन दिनों अधिक मास के चलते ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु नर्मदा स्नान और ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रशासन द्वारा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई गई है, बावजूद इसके लापरवाही के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। फिलहाल रेस्क्यू टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story