मप्र के सीधी जिले में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी सीआरपीएफ जवान गिरफ्तार
सीधी, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने रविवार को एक सीआरपीएफ जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्ची के घर के पड़ोस में रहता है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की रात बच्ची घर से बाहर गई थी। रात करीब 9 बजे वह रोते हुए वापस लौटी और मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन 15 अगस्त को मझौली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। बच्ची का स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। दो टीमों में चार-चार पुलिसकर्मी शामिल थे। तलाश के दौरान आरोपी गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर मिला, जहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी विशाल शर्मा के मुताबिक, मझौली पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। वह एक अगस्त को 20 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। उसकी उम्र करीब 59 साल है और अगले साल वह रिटायर होने वाला था।
पीड़िता के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बच्ची उनकी पहली संतान है। पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत बच्ची की पहचान और उसके गांव की जानकारी गोपनीय रखी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

