मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का दो दिवसीय सेमीनार सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का दो दिवसीय सेमीनार सम्पन्न


वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के प्रभावी पालन पर दिया गया जोर

भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने वित्तीय प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में प्रदेशभर की विभिन्न पुलिस इकाइयों से आए उप पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के आहरण एवं संवितरण (डीडीओ) अधिकारियों के लिए दो दिवसीय सेमीनार आयोजित किया।

सेमीनार का समापन शनिवार काे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कल्याण) सोलोमन यश कुमार मिंज की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी शासकीय संस्था की कार्यकुशलता की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव का अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी उपयोग कर वित्तीय प्रक्रियाओं को अधिक सुव्यवस्थित, नियमसम्मत और पारदर्शी बनाने का आह्वान किया।

उद्घाटन सत्र में पुलिस मुख्यालय के उप पुलिस महानिरीक्षक (लेखा एवं कल्याण) अवधेश गोस्वामी ने अधिकारियों को वित्तीय प्रबंधन से जुड़े अद्यतन नियमों की जानकारी रखने और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों की भूमिका को पूरी जिम्मेदारी और दक्षता के साथ निभाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इन विषयों पर हुआ विस्तृत प्रशिक्षण

दो दिवसीय सेमीनार में प्रतिभागियों को वित्तीय प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इनमें आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के दायित्व, मध्यप्रदेश भंडार क्रय एवं उपार्जन नियम-2015 (संशोधित-2022), वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, पुलिस विभाग की कल्याणकारी योजनाएं, आईएफएमआईएस (IFMIS) प्रणाली, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पेंशन नियम, दंडों का प्रभावी क्रियान्वयन, देय स्वत्व, टीए-डीए, अवकाश नियम, जीपीएफ संबंधी प्रक्रियाओं में सावधानियां, मध्यप्रदेश वित्तीय शक्ति अधिकार पुस्तिका-2025 तथा बजट प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रहे।

पुलिस मुख्यालय, वित्त विभाग और आयुक्त कोष एवं लेखा कार्यालय के विशेषज्ञ अधिकारियों ने विभिन्न तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

समापन समारोह में पुलिस अकादमी के उप निदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) इरमीन शाह, सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) रश्मि पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक (पीटीएस) यास्मीन जहरा सहित पुलिस अकादमी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

मध्यप्रदेश पुलिस का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वित्तीय प्रशासन में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पुलिस इकाइयों में वित्तीय प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित, नियमसम्मत और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story