नर्मदापुरम में 'शोले' स्टाइल हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका ने नंबर किया ब्लॉक तो 120 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया युवक
- करीब 5 घंटे तक रहा अफरा-तफरी का माहौल
नर्मदापुरम, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के जामुनढोल गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा आशिक फिल्मी अंदाज में 125 केवी हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। करीब 120 फीट की ऊंचाई पर मौत और जिंदगी के बीच झूलते इस युवक की जिद सिर्फ इतनी थी कि उसकी प्रेमिका उसका नंबर अनब्लॉक कर दे और तुरंत शादी के लिए मान जाए। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते इलाके में करीब 5 घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, टॉवर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान कमल धुर्वे (पिता संतोष धुर्वे) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमल और एक युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध हैं। कमल बिना किसी सामाजिक या पारिवारिक औपचारिकताओं के तुरंत शादी करना चाहता था, जबकि युवती का कहना था कि वह पहले अपने माता-पिता को लेकर उसके घर आए और मर्यादा के साथ रिश्ते की बात करे। जब कमल बिना माता-पिता की सहमति के शादी करने का दबाव बनाने लगा, तो परेशान होकर युवती ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवक सुसाइड करने की धमकी देते हुए टॉवर के शिखर पर जा बैठा।
5 घंटे का चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए केसला पुलिस, एनटीपीसी और एसडीईआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। चुनौती बड़ी थी क्योंकि 125 केवी की लाइन में बिजली की सप्लाई चालू थी और हल्की सी चूक बड़ी अनहोनी को दावत दे सकती थी। प्लाटून कमांडेंट अमृता दीक्षित ने बताया कि युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से नीचे एक टीम हरी नेट पकड़कर खड़ी रही।
'प्रेमिका की पुकार' पर पसीजा दिल
प्रशासन ने युवक को समझाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। अंततः युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया। फोन के जरिए प्रेमिका ने उसे समझाया और नीचे उतरकर बात करने का भरोसा दिया। प्रेमिका की आवाज सुनते ही युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतरने को राजी हो गया। इसी बीच एसडीईआरएफ के एक जवान ने टॉवर पर चढ़कर युवक को रस्सी के सुरक्षा घेरे में लिया और बेहद सावधानी से उसे नीचे उतारा।
केसला थाना प्रभारी मदन पवार के मुताबिक, युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है और प्राथमिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इस सफल रेस्क्यू के बाद राहत की सांस ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

