मप्र विधान सभा में आज विशेष आयोजन, प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ 'विधायिनी' का संविधान विशेषांक होगा जारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र विधान सभा में आज विशेष आयोजन, प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ 'विधायिनी' का संविधान विशेषांक होगा जारी


- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में संविधान गैलरी का उद्घाटन

- संविधान सभा के ऐतिहासिक चित्रों और प्रदेश के योगदान को मिलेगा स्थान

भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)।भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला और देश की संवैधानिक यात्रा के ऐतिहासिक पड़ावों को जनमानस के सामने लाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश विधानसभा में आज 'संविधान दिवस उत्सव-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन का विशेष आकर्षण विधानसभा परिसर में स्थापित की जा रही 'संविधान गैलरी' और संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी होगी।

इस अवसर पर विधानसभा की पत्रिका 'विधायिनी' के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के गणमान्य अतिथि इस विमोचन समारोह में उपस्थित रहेंगे। विशेषांक के माध्यम से संविधान, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

दरअसल, इनके माध्यम से संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में मध्यप्रदेश के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्षता करेंगे। संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुख, आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य और विश्वविद्यालयों के कुलगुरु भी समारोह में शामिल होंगे।

यह आयोजन संविधान दिवस की औपचारिक स्मृतियों, संविधान की रचना, उसके मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व को समझने का अवसर भी बनेगा। विधानसभा परिसर में संविधान गैलरी की स्थापना इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसमें संविधान सभा का सामूहिक चित्र प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका और योगदान को दर्शाने वाले चित्रों को भी स्थान दिया जाएगा। इससे संविधान निर्माण की प्रक्रिया से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को एक स्थायी स्वरूप में प्रस्तुत करने का प्रयास होगा।

संविधान गैलरी में दिखेगी संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा

समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में गेट नंबर पांच के समीप स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। इसके बाद अतिथि संविधान गैलरी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में भारतीय संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में संविधान से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों और उसके निर्माण की यात्रा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस आयोजन का एक विशेष भावनात्मक और ऐतिहासिक पक्ष प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के सुपुत्र का अभिनंदन भी है। दीनानाथ भार्गव ने भारतीय संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अंकित अशोक स्तंभ का चित्रांकन किया था। संविधान के मूल दस्तावेज को कलात्मक स्वरूप प्रदान करने में उनका योगदान भारतीय कला और संवैधानिक इतिहास के महत्वपूर्ण प्रसंगों में शामिल है। उनके सुपुत्र का सम्मान संविधान निर्माण से जुड़े उन कलाकारों और रचनाकारों के योगदान को स्मरण करने का अवसर बनेगा, जिनकी भूमिका संविधान के ऐतिहासिक दस्तावेज को विशिष्ट स्वरूप देने में रही।

प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से होगा लोकतांत्रिक संकल्प का स्मरण

मुख्य समारोह विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-1 में आयोजित होगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराएंगे। प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श भारतीय गणराज्य की मूल भावना को अभिव्यक्त करते हैं। सामूहिक वाचन के माध्यम से इन संवैधानिक संकल्पों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।

2015 में शुरू हुई थी संविधान दिवस मनाने की परंपरा

भारत में 26 नवंबर का दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसके लगभग दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान प्रभावी हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। संविधान निर्माण की इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में डॉ. भीमराव आंबेडकर ने प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. आंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा आरंभ की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवैधानिक संस्थाओं के महत्व को समझाना और संविधान में निहित मूल्यों को सार्वजनिक जीवन में प्रतिष्ठित करना है।

विधानसभा की पहल से नई पीढ़ी तक पहुंचेगा संवैधानिक इतिहास

लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार संविधान के प्रति नागरिकों की समझ, संस्थाओं के प्रति सम्मान और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजगता है। इस दृष्टि से विधानसभा परिसर में संविधान गैलरी और विशेष प्रदर्शनी की स्थापना महत्वपूर्ण पहल है। संविधान सभा के चित्रों, संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान और मूल दस्तावेज से जुड़े कलाकार के सम्मान के माध्यम से इस आयोजन को ऐतिहासिक संदर्भ प्रदान किया गया है।

विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक प्रमुख विधायी संस्था है। ऐसे में उसके परिसर में संविधान की ऐतिहासिक यात्रा को प्रदर्शित करने वाली गैलरी आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आगंतुकों के लिए संवैधानिक इतिहास को समझने का माध्यम बन सकती है। संविधान दिवस उत्सव-2026 के जरिए मध्यप्रदेश विधानसभा ने संविधान के प्रति सम्मान को ऐतिहासिक स्मृति, संसदीय परंपरा और नागरिक जागरूकता से जोड़ने की पहल की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783292 Articles

Share this story