मध्य प्रदेश सरकार पर कांग्रेस का हमला, जीतू पटवारी बाेले- “गुणवत्ता और जवाबदेही से दूर है प्रशासन”

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश सरकार पर कांग्रेस का हमला, जीतू पटवारी बाेले- “गुणवत्ता और जवाबदेही से दूर है प्रशासन”


भोपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सियासत तेज हो गई है। जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विभागों में गुणवत्ता और उत्कृष्टता को लेकर सरकार बिल्कुल गंभीर नहीं है।

जीतू पटवारी ने बुधवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कई अहम विभागों की समीक्षा बेहद कम समय में करना इस बात का संकेत है कि सरकार के लिए जनहित प्राथमिकता में नहीं है। उनके मुताबिक, इतने महत्वपूर्ण विभागों की गहन समीक्षा के लिए पर्याप्त समय और गंभीरता जरूरी होती है, जो नजर नहीं आ रही।

“मंत्रियों तक पहुंच नहीं, जनता परेशान”

पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश की आम जनता ही नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता भी मंत्रियों से मुलाकात नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार की कार्यशैली पर बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि जनसुनवाई और जवाबदेही की व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है।

हालिया घटनाओं पर सरकार से जवाब मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कई हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठकों में सरकार का रुख स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा की घटना, भोपाल स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने का मामला, छिंदवाड़ा कफ सिरप प्रकरण और बरगी में हुए क्रूज़ हादसे को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। पटवारी ने कहा कि इन घटनाओं ने प्रशासनिक लापरवाही और जवाबदेही की कमी को उजागर किया है।

भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग

पटवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि शिक्षा, जल संसाधन, कृषि, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम विभागों में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही हालिया घटनाओं में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

“जनता का विश्वास लौटाए सरकार”

पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है, लेकिन वर्तमान सरकार इन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। उन्होंने सरकार से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्यप्रणाली में सुधार करने और जनता का भरोसा फिर से जीतने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story