मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर रहा जोर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर रहा जोर


भोपाल, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल की एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय बैठक गुरुवार को भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक के स्वागत उद्बोधन में मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, सेवादल प्रभारी एन. मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव सेवादल लालजी प्रसाद मिश्र, मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी, महिला कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष सुंदर्ता जायसवाल तथा मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नेताओं ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क बढ़ाने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इसके पश्चात संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक इकाइयों के गठन की समीक्षा की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रभाव फेरी एवं ध्वज वंदन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन, सदस्यता अभियान की प्रगति तथा संगठनात्मक विस्तार की समीक्षा की गई। वर्षा ऋतु के दौरान प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विशेष रूप से नीम एवं तुलसी के पौधों का रोपण करने का संकल्प लिया गया।

इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर (रिफ्रेशर कैंप) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामदायी बनाने के लिए पदाधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। बैठक के समापन अवसर पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा, सेवा भावना एवं अनुशासन बनाए रखते हुए कांग्रेस के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story