नवरात्रि पर आस्था का सैलाब: मैहर में मां शारदा के दरबार में उमड़ी श्रद्धा
मैहर, 23 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि उत्सव अपने चरम पर पहुंच चुका है और हर ओर भक्ति व आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है। पर्व के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, वहीं कन्या पूजन और कन्या भोज के आयोजन भी बड़ी श्रद्धा के साथ किए गए।
मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा के दरबार में इन दिनों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज से लाखों की संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को पंचमी तिथि के अवसर पर दोपहर 3 बजे तक 1,14,556 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अपनी-अपनी मन्नतें पूरी करने में जुटे हैं। कोई मुंडन संस्कार करवा रहा है तो कहीं कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज के भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। कई भक्त माता को चुनरी और अन्य चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा और परिक्रमा कर माता के दरबार तक पहुंच रहे हैं।
नवरात्रि मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

