मैहरः रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभा यात्रा में दिखी धर्म और संस्कृति की झलक

WhatsApp Channel Join Now
मैहरः रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभा यात्रा में दिखी धर्म और संस्कृति की झलक


मैहर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर मे शुक्रवार को चैत्र नवरात्र के पावन पर्व और रामनवमी के शुभ अवसर पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में आज एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

भव्य शोभायात्रा श्री राम जानकी बड़ा अखाड़ा से प्रारंभ हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों किला चौक, हुसैन चौक, रहीम चौक, रंगलाल चौक, चौरसिया मोहल्ला, घंटाघर चौक, कटरा बाजार होते हुए काली माता मंदिर पहुंची और अंततः चंडी देवी मंदिर में समापन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ बड़ा अखाड़ा के महंत श्री श्री 1008 श्री सीता वल्लभ शरण जू महाराज द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमाओं, झांकियों एवं गुरुजनों पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के जीवंत स्वरूपों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए। जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। कुल मिलाकर, मैहर में निकली यह शोभायात्रा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी जीता जगता उदाहरण रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story