राजगढ़ः लव-कुश जन्मोत्सव में गूंजा संस्कार और शिक्षा का संदेश
राजगढ़, 20 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लव-कुश जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को कुशवाह समाज द्वारा ब्यावरा में विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम और उनके पुत्र लव-कुश का पूजन कर समाजजनों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी।
राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग, कर्तव्य और धर्म के पालन की प्रेरणा देता है। लव-कुश ने भी अपने जीवन और संस्कारों से आदर्श आचरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता सीता ने विपरीत परिस्थितियों में भी लव-कुश को शिक्षा, संस्कार, साहस और धर्म का ज्ञान दिया। महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में प्राप्त शिक्षा ने उनके व्यक्तित्व को निखारा और उन्होंने अपने पराक्रम से श्रेष्ठ संस्कारों का परिचय दिया।
राज्यमंत्री पंवार ने समाजजनों से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार रोज कम से कम एक घंटा रामायण का पाठ करे और बच्चों को भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंग बताए। इससे उनमें संस्कार, अनुशासन और परिवार के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी।
सम्मेलन में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने वाली कुशवाह समाज की छात्राओं को सम्मानित किया गया। पंवार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियों की सफलता पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, नगर पालिका अध्यक्ष लीला देवी फूलसिंह कुशवाह सहित सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

