लॉर्ड्स में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ का भोपाल पुलिस आयुक्त ने किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
लॉर्ड्स में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ का भोपाल पुलिस आयुक्त ने किया सम्मान


भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उभरती हुई तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का गुरुवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय, भोपाल में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

मध्यप्रदेश के छतरपुर (बुंदेलखंड) की बेटी क्रांति गौड़ ने हाल ही में इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर एक पारी में पांच विकेट लेकर भारतीय क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराया। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली विश्व की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।

सम्मान समारोह के दौरान क्रांति गौड़ ने मध्य प्रदेश पुलिस के जनजागरूकता अभियान नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 का समर्थन करते हुए युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान का हिस्सा बनकर सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने क्रांति गौड़ की ऐतिहासिक उपलब्धि को प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story