सागर) पातीखेड़ा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा का हुआ अनावरण, मालथौन में बनेगा 2 करोड़ का भव्य मंदिर

WhatsApp Channel Join Now
सागर) पातीखेड़ा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा का हुआ अनावरण, मालथौन में बनेगा 2 करोड़ का भव्य मंदिर


सागर, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के पातीखेड़ा (खुरई विधानसभा) में नवनिर्मित ऋषिपत्तन बौद्ध विहार रविवार को पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक भूपेंद्र सिंह ने भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने मालथौन में 2 करोड़ रुपये की लागत से एक और भव्य बुद्ध मंदिर और पार्क निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध और अशांति के दौर से गुजर रही है, तब भारत की शांति और समरसता पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा, भारत बुद्ध की भूमि है, जो शांति के महासागर थे। उनकी शिक्षाएं सदियों से मानवता को शीतलता प्रदान कर रही हैं। उन्होंने सिद्धार्थ के राजकुमार से 'बुद्ध' बनने की यात्रा (महाभिनिष्क्रमण) का स्मरण करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने राजसी सुख त्याग कर सत्य की खोज की और वैश्विक सभ्यता को नई दिशा दी।

पूर्व मंत्री ने बुद्ध के दर्शन को सामाजिक न्याय का आधार बताते हुए कहा कि बुद्ध ने सिखाया कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से श्रेष्ठ होता है।भगवान बुद्ध ने भिक्षुणी संघ की स्थापना कर महिलाओं को आध्यात्मिक अधिकार दिए। बुद्ध द्वारा स्थापित 'भिक्षु संघ' आधुनिक लोकतंत्र का प्रारंभिक स्वरूप था, जिसने डॉ. बी.आर. अंबेडकर को भारतीय संविधान के निर्माण हेतु प्रेरित किया।

भूपेंद्र सिंह ने क्षेत्र में दलित और पिछड़ा वर्ग के लिए किए गए कार्यों का विवरण साझा किया कि 2 करोड़ की लागत से बुद्ध मंदिर और बाबा साहेब अंबेडकर पार्क का निर्माण होगा। बाबा साहेब अंबेडकर म्यूजियम और संत रविदास जी की प्रतिमा व पार्क का निर्माण। खुरई विधानसभा में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सर्वाधिक 12,200 पीएम आवास बनवाए गए। बांदरी में बाबा साहेब अंबेडकर छात्रावास और सांची में बौद्ध विश्वविद्यालय का विकास।

समारोह के दौरान विधायक ने बौद्ध भिक्षुओं का आशीर्वाद लिया और नवनिर्मित विहार के लिए 5 सीलिंग फैन भेंट किए। उन्हें उपहार स्वरूप मिली स्टेशनरी सामग्री को उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को वितरित कर संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस अवसर पर बौद्ध भिक्षु भन्ते अस्स, नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, तहसीलदार मालथौन और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story