उज्जैनः चाय की दुकान के संचालक को छ: हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः चाय की दुकान के संचालक को छ: हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने पकड़ा


उज्जैन, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में लोकायुक्त की टीम ने तराना थाने की नैनावद पुलिस चौकी पर पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मोहनलाल मालवीय के लिए 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक चाय दुकान संचालक को रंगेहाथों पकड़ लिया।

एएसआई को जब पता चला कि लोकायुक्त ने चायवाले को रंगे हाथों पकड़ लिया है,तो वह चौकी छोडक़र भाग निकला। लोकायुक्त अधिकारियों ने उसे बुलाने का प्रयास भी किया,लेकिन वह नहीं आया। लोकायुक्त ने एएसआई और चाय दुकान संचालक, दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

लोकायुक्त एसपी विनोद दीक्षित ने बताया कि ईश्वर राजोरिया निवासी ग्राम गोलवा ने 25 नवंबर को शिकायत की थी कि नैनावद पुलिस चौकी पर पदस्थ एएसआई मोहनलाल मालवीय ने उसके परिवार के खिलाफ झूठा अपराध दर्ज करने और पत्नी भावना, बेटी काजल और बड़े भाई अंबाराम को जेल नहीं भेजने के बदले 10 हजार रु.की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 6 हजार रु. में तय हुआ। एएसआई ने रिश्वत की राशि सीधे लेने के बजाय गांव में चाय की दुकान संचालित करने वाले जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था।

शिकायत सही मिली तो बनाई ट्रैप टीम

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने शिकायत का सत्यापन किया। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने पर गुरुवार को योजना के अनुसार शिकायतकर्ता 6 हजार रु. लेकर नैनावद पुलिस चौकी पहुंचा। यहां एएसआई मोहनलाल मालवीय ने उसे रिश्वत की राशि चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने तय योजना के अनुसार रुपए जितेंद्र को सौंप दिए।

चाय की दुकान पर दबिश देकर पकड़ा

जैसे ही जितेंद्र सिंह देवड़ा ने शिकायतकर्ता से 6 हजार रु. लिए,लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। इधर एएसआई मोहनलाल मालवीय को लोकायुक्त कार्रवाई की सूचना मिली वह थाने से भाग निकला। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। कुछ देर बाद पुलिस ने उससे किसी तहर से संपर्क कर बुलाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं आया। लोकायुक्त की टीम अब उसे गिरफ्तार करेंगी। लोकायुक्त ने मामले में एएसआई मोहनलाल मालवीय और जितेंद्र सिंह देवड़ा निवासी नैनावद के विरुद्ध भ्रष्टाचार की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

्रयह है पूरा मामला

ग्राम गोलवा की ग्राम पंचायत में शिकायतकर्ता ईश्वरसिंह राजोरिया उप सरपंच है। गांव में शासकीय जमीन पर अतिक्रमण हटाने की बात को लेकर कुछ लोगों से 9 नवंबर को उसका विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में ईश्वरसिंह सहित पत्नी, बेटी और बड़े भाई के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। एएसआई ईश्वरसिंह से पत्नी, बेटी और बड़े भाई को गिरफ्तार न करने के एवज में रुपए मांग रहा था।

00000

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story