सिवनी: समनापुर खरीदी केंद्र में 1500 रूपये की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर रंगे हाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिवनी: समनापुर खरीदी केंद्र में 1500 रूपये की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर रंगे हाथ गिरफ्तार


सिवनी, 15 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के समनापुर खरीदी केंद्र में जबलपुर लोकायुक्त के ट्रैप दल ने गुरुवार को 1500 रूपये की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जबलपुर लोकायुक्त की पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने हिस को बताया कि पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने गुरुवार को सिवनी जिले के समनापुर खरीदी केंद्र में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आवेदक दुर्गेश (30) पुत्र कुंजीलाल चंद्रवंशी, निवासी ग्राम भौमाटोला, थाना कान्हीवाड़ा, जिला सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपित हसीब (57)पुत्र यासीन अंसारी, पद—सेल्समैन (खरीदी प्रभारी), सेवा सहकारी समिति उड़ेपानी, वर्तमान पदस्थापना समनापुर खरीदी केंद्र, जिला सिवनी द्वारा धान की तुलाई के बाद भुगतान हेतु चालान देने के एवज में 1800 रूपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

लोकायुक्त द्वारा नियोजित ट्रैप के तहत 15 जनवरी 2026 को सह-आरोपी मुकेश (32) चेतन सिंह ठाकुर, पद—कंप्यूटर ऑपरेटर (दैनिक वेतन भोगी), उड़ेपानी, जिला सिवनी को 1500 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। ट्रैप कार्रवाई समनापुर खरीदी केंद्र में की गई।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपीगणों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(B) एवं 13(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक शशिकला मर्सकोले, ट्रैप लीडर अधिकारी निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story