(अपडेट) वन विभाग के एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख कैश और 700 ग्राम सोना मिला

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) वन विभाग के एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख कैश और 700 ग्राम सोना मिला


(अपडेट) वन विभाग के एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख कैश और 700 ग्राम सोना मिला


(अपडेट) वन विभाग के एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख कैश और 700 ग्राम सोना मिला


(अपडेट) वन विभाग के एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख कैश और 700 ग्राम सोना मिला


-पचमढ़ी और छिंदवाड़ा में एक साथ कार्रवाई, होटल-रिसॉर्ट, प्लॉट और दुकानों के दस्तावेज खंगाल रही टीम

छिंदवाड़ा, 14 नवंबर (हि.स.)। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) में पदस्थ वन विभाग के एसडीओ संजीव शर्मा के ठिकानों पर शनिवार सुबह लोकायुक्त ने छापेमार कार्रवाई की। छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास और पचमढ़ी के सरकारी आवास पर एक साथ तलाशी ली गई। अब तक की जांच में 23 लाख रुपए नकद और करीब 700 ग्राम सोने के जेवर मिले हैं। इनकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा होटल-रिसॉर्ट, प्लॉट और दुकानों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। लोकायुक्त की टीमें संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

लोकायुक्त की दो टीमों ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे कार्रवाई शुरू की। एसपी सुनील पाटीदार पचमढ़ी में और डीएसपी अजय मिश्रा छिंदवाड़ा में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर विशेष न्यायालय से अनुमति लेकर दोनों ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली गई। कार्रवाई अभी जारी है। कुल संपत्ति का आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

होटल-रिसॉर्ट के अलावा कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले

प्रारंभिक जांच में पचमढ़ी में होटल और रिसॉर्ट होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा छिंदवाड़ा, होशंगाबाद और भोपाल में प्लॉट तथा अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। दुकानों में निवेश की जानकारी भी सामने आई है। लोकायुक्त टीम इन संपत्तियों के दस्तावेजों के साथ बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

छिंदवाड़ा के मकान में दो अलमारियां बंद मिलीं

छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित निजी आवास पर तलाशी के दौरान दो अलमारियां बंद मिली हैं। बताया गया है कि उनकी चाबियां संजीव शर्मा के पास हैं। लोकायुक्त टीम ने घर से वाहनों और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी जांच के लिए लिए हैं। पचमढ़ी स्थित सरकारी आवास पर भी तलाशी जारी है।

स्कॉर्पियो, बुलेट और स्कूटी का नंबर एक जैसा

संजीव शर्मा के पास स्कॉर्पियो, बुलेट और इलेक्ट्रिक स्कूटी हैं। तीनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर में 3773 अंक समान हैं। इसे उनका पसंदीदा नंबर बताया जा रहा है। लोकायुक्त टीम ने वाहनों के दस्तावेज भी जांच में शामिल किए हैं।

2001 में रेंजर के रूप में शुरू की थी नौकरी

संजीव शर्मा ने वर्ष 2001 में पेंच टाइगर रिजर्व में रेंजर के रूप में सेवा शुरू की थी। इसके बाद उनकी पदस्थापना कान्हा नेशनल पार्क में रही। वहां करीब दो साल काम करने के बाद उनका तबादला पचमढ़ी हुआ। यहीं रेंजर रहते हुए पदोन्नति के बाद वे एसडीओ बने। उनका ज्यादातर सेवाकाल पचमढ़ी में ही बीता है। उनके पिता भी वन विभाग में एसडीओ के पद पर रह चुके हैं।

पांच साल में 11 से ज्यादा अफसर-कर्मचारियों पर कार्रवाई

मध्य प्रदेश में पिछले पांच वर्षों के दौरान आय से अधिक संपत्ति के मामलों में 11 से ज्यादा अफसरों और कर्मचारियों के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई हो चुकी है। इन मामलों में करोड़ों रुपए की संपत्ति, नकदी और सोना-चांदी मिलने के खुलासे हुए हैं। इनमें हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान के यहां मिली संपत्ति का बाजार मूल्य करीब 68 करोड़ रुपए आंका गया था। रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के यहां 18.59 करोड़ और पीडब्ल्यूडी इंजीनियर कमलकिशोर सिंगारे के यहां करीब 11 करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा हुआ था। पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के ठिकानों से 2.87 करोड़ रुपए नकद और 234 किलो चांदी मिलने की जानकारी भी सामने आई थी। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि संजीव शर्मा के सभी ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही उनकी कुल संपत्ति तथा आय के ज्ञात स्रोतों के मुकाबले संपत्ति का वास्तविक आकलन हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story