मुरैना तहसील में रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त ने पकड़ा, सीमांकन के लिए मांगे थे 35 हजार रुपये

WhatsApp Channel Join Now
मुरैना तहसील में रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त ने पकड़ा, सीमांकन के लिए मांगे थे 35 हजार रुपये


मुरैना, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी प्रदीप शर्मा को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपित को पहले कोतवाली ले गई और फिर सर्किट हाउस पहुंची, जहां मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मुरैना ग्रामीण तहसील क्षेत्र के मुरैनागांव पटवारी हल्के में प्रदीप शर्मा पदस्थ हैं। क्षेत्र के किसान मुरारीलाल कुशवाह अपनी दो बीघा कृषि भूमि का सीमांकन कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने तहसीलदार को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहसीलदार ने सीमांकन के आदेश जारी कर राजस्व निरीक्षक और पटवारी को इसका पालन करने के निर्देश दिए थे।

किसान मुरारीलाल के अनुसार, सीमांकन के लिए पटवारी प्रदीप शर्मा ने उनसे 35 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक स्थिति का हवाला देने पर भी पटवारी 25 हजार रुपये से कम लेने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद किसान ने 25 हजार रुपये किश्तों में देने की बात तय की और रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से कर दी।

शिकायत के आधार पर मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस ने निरीक्षक बलराम सिंह राजावत के नेतृत्व में तहसील कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान निरीक्षक उपेंद्र दुबे सहित हेमंत शर्मा, जसवंत शर्मा, नेतराम, प्रमोद तोमर, धीरज नागर, विनोद शाक्य और अंकेश शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story