टीकमगढ़ : लोकायुक्त की कार्रवाई: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते स्वास्थ्य विभाग का एमपीडब्ल्यू गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
टीकमगढ़ : लोकायुक्त की कार्रवाई: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते स्वास्थ्य विभाग का एमपीडब्ल्यू गिरफ्तार


टीकमगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एमपीडब्ल्यू) देशराज घोष को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त के अनुसार, देशराज घोष ने डूंडा निवासी नरेंद्र राजपूत से स्वास्थ्य विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर एक लाख रुपये की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 50 हजार रुपये में सहमति बनी। पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते समय लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त डीएसपी कमल सिंह उइके ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शिकायतकर्ता नरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि देशराज घोष ने इससे पहले उसके परिवार की एक महिला को सहायिका की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पांच लाख रुपये भी लिए थे। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर जब उसने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और स्वास्थ्य विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का नया आश्वासन देते हुए अतिरिक्त रकम की मांग की।

शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि पहले दिए गए रुपयों के लेनदेन से संबंधित उसके पास वीडियो भी मौजूद है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

लोकायुक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story