अनूपपुर: जीवित किसान की आधार रिकॉर्ड में मृत, नहीं मिल रहा योजना का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जीवित किसान की आधार रिकॉर्ड में मृत, नहीं मिल रहा योजना का लाभ


अनूपपुर: जीवित किसान की आधार रिकॉर्ड में मृत, नहीं मिल रहा योजना का लाभ


अनूपपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 48 आवेदकों ने अपनी समस्याएं सुनाई। कलेक्टर ने सभी मामलों में अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एक किसान को आधार रिकॉर्ड में मृत दर्ज किए जाने पर योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और पैक्स दुलहरा में धान खरीदी व वितरण में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।

जैतहरी तहसील के ग्राम गोरसी निवासी किसान दादूराम राठौर ने शिकायत में बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि की राशि निकालने बैंक जाने पर आधार सत्यापन में उन्हें 'मृत' बताया गया। जैतहरी पोस्ट ऑफिस के आधार सेवा केंद्र पर भी जांच में उन्हें मृत दर्ज पाया गया, जिससे उनके सभी शासकीय व बैंकिंग काम ठप हो गए हैं। किसान ने आधार रिकॉर्ड तुरंत दुरुस्त करने की गुहार लगाई है।

ग्राम दुलहरा के किसानों ने पैक्स दुलहरा के प्रभारी प्रबंधक मनोज कुमार विश्वकर्मा और सहकारिता विभाग के प्रशासक अनुज ओहदार पर गंभीर वित्तीय धांधली के आरोप लगाते हुए किसानों ने किसी स्वतंत्र विभाग की कमेटी गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

किसानों का आरोप है कि खरीफ वर्ष 2025-26 में धान परिदान में 'सुखती' का बहाना बनाकर 10 से 15 लाख रुपये की कमी दिखाई गई, जिससे संस्था को वित्तीय क्षति हो रही है। इसके अलावा उचित मूल्य दुकानों से प्राप्त खाली बारदानों की रसीद दो वर्षों से नहीं दी गई और बैंकों में जमा कराने के बजाय बिना आधिकारिक स्वीकृति नगद खर्च दिखाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि प्रभारी प्रबंधक प्रशासक की मिलीभगत से खुद सर्वाधिक वेतन ले रहे हैं, जबकि अन्य कर्मचारियों को कम मानदेय दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने इन सभी बिंदुओं की जांच कराकर दोषियों से राशि वसूलने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

इसके अलावा जनसुनवाई में तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम पटना निवासी दीना बाई पनिका ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील अनूपपुर के जमुना कॉलोनी निवासी मीनू पांडे ने अपनी पुत्री का ट्रांसफर सर्टिफिकेट दिलाए जाने, तहसील जैतहरी के ग्राम बीड़ निवासी चंद्रावती ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम छुलहा निवासी पूरन सिंह गोंड ने भू-अभिलेख में खसरा नंबर दर्ज किए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम धनगवां निवासी सत्यनारायण पटेल ने सीमांकन संबंधी प्रकरण के निराकरण तथा वार्ड क्रमांक 13, अनूपपुर निवासी रमाकांत पाल ने रिकॉर्ड सुधार संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story