सागरः बंडा शराबकांड में एसपी की बड़ी कार्रवाई, 40 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, एसआई से लेकर आरक्षक तक बदले

WhatsApp Channel Join Now
सागरः बंडा शराबकांड में एसपी की बड़ी कार्रवाई, 40 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, एसआई से लेकर आरक्षक तक बदले


सागर, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विकासखंड में हाल ही में सामने आए जहरीली शराबकांड के मामले में पुलिस प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को एसपी अनुराग सुजानिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा थाना और गूगरा चौकी पर पदस्थ एसआई, मुंशी, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों समेत कुल 40 पुलिसकर्मियों को एक साथ लाइन हाजिर कर दिया है। इन सभी के स्थान पर पुलिस लाइन से नए और फ्रेश स्टाफ को थाने और चौकी की कमान सौंपी गई है।

इस जहरीली शराबकांड के उजागर होने के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शुरुआती चरण में ही बड़ी कार्रवाई की थी, जिसके तहत तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को उनके पदों से हटा दिया गया था। इसके बाद बंडा थाना प्रभारी का जिम्मा सिविल लाइन टीआई आनंद सिंह को सौंपा गया था ताकि थाने की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाया जा सके।

जारी किए गए नए प्रशासनिक आदेश के अनुसार, बंडा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर मुन्ना लाल धुर्वे और आदिल खान सहित कुल 40 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। इनकी जगह पर पुलिस लाइन से एसआई रामू प्रजापति, शिवम दुबे के साथ-साथ कई नए प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों को बंडा थाने में पदस्थ किया गया है। इस बड़े फेरबदल के बाद अब बंडा थाना और गूगरा चौकी का पूरा मैदानी स्टाफ लगभग नया हो गया है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सतर्कता को पुख्ता करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story