अनूपपुर: आकाशीय बिजली का कहर: उरतान में एक साथ 10 मवेशियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: आकाशीय बिजली का कहर: उरतान में एक साथ 10 मवेशियों की मौत


अनूपपुर: आकाशीय बिजली का कहर: उरतान में एक साथ 10 मवेशियों की मौत


अनूपपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम उरतान में रविवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई हैं। मृत मवेशियों में 4 बैल और 6 गाय शामिल हैं।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में पशुपालकों को 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव एवं पशुपालकों में शोक और मायूसी का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना कोतमा पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह उरतान गांव से 30 से अधिक मवेशियों को चराने के लिए केशोरी के जंगल की ओर ले जाया गया था। दोपहर बाद तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए लौटते समय धवई टोला के पास मवेशी एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान लगातार 2 से 3 बार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत मवेशी रामप्रसाद यादव, तेजभान यादव, मोलिया यादव, जगदीश यादव, आनंदराम, लल्लाराम, हीरू बरगाही और राजेश बरगाही के बताए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story