उमरिया: ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी का निधन

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया: ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी का निधन


उमरिया, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में शिक्षा विभाग के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। जिला समन्वयक कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गौतम का ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही अचानक निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को संतोष कुमार गौतम शहडोल से ट्रेन द्वारा उमरिया ड्यूटी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

संतोष कुमार गौतम शिक्षा विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे थे। वे करकेली जनपद शिक्षा केंद्र में समन्वयक रहने के साथ-साथ साक्षर भारत मिशन में जिला समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। वर्तमान में वे सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।

अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण के लिए वे शिक्षा जगत में विशेष पहचान रखते थे। कठिन से कठिन कार्यों को भी सहजता से पूरा करने के लिए उन्हें जाना जाता था। वे समय के पाबंद और जिम्मेदार अधिकारी थे। उनकी सेवा अवधि के अभी लगभग दो वर्ष शेष थे।

उनके आकस्मिक निधन से विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों, शिक्षकों और परिचितों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story