पाइप में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
पाइप में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा


पन्ना, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रविवार सुबह एक रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन देखने को मिला, जब वन विभाग की टीम ने पाइप में फंसे एक तेंदुआ को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, अमानगंज बफर रेंज के पास दक्षिण पन्ना वनमंडल की पवई रेंज अंतर्गत हिनौती गांव में तेंदुआ देखा गया था। बताया जा रहा है कि एक आवारा कुत्ते का पीछा करते हुए तेंदुआ एक संकरे पाइप में घुस गया और वहीं फंस गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पाइप के दोनों सिरों को पत्थरों से बंद कर तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दक्षिण पन्ना वनमंडल का मैदानी अमला और पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पाइप के एक सिरे पर ट्रैप केज लगाया, जबकि दूसरे सिरे को पूरी तरह बंद कर दिया गया।

रेस्क्यू के दौरान एक खास तकनीक अपनाई गई-पाइप के व्यास के अनुसार टायरों को आपस में बांधकर रस्सियों के सहारे धीरे-धीरे अंदर बढ़ाया गया। इससे तेंदुआ नियंत्रित रूप से आगे बढ़ता हुआ केज में पहुंच गया और सुरक्षित पकड़ में आ गया।

रेस्क्यू के बाद वन्य चिकित्सकों ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।

पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पवई रेंज ऑफिसर नितेश पटेल ने किया, जिसमें स्थानीय वन अमले और रेस्क्यू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story