इंदौर के रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, डिलीवरी बॉय पर किया हमला, रातभर चला रेस्क्यू, सुबह तक नहीं मिला
इंदौर, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना इलाके में मंगलवार रात एक तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया। रात करीब 8:30 बजे रिहायशी इलाके की सड़क पर घूम रहे तेंदुए ने बाइक से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय पर अचानक झपट्टा मार दिया। युवक किसी तरह बाइक छोड़कर भागा और अपनी जान बचाई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
हमले के बाद तेंदुआ तेजी से भागते हुए एक मकान के बाथरूम में घुस गया। इसकी सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस, रालामंडल अभयारण्य की रेस्क्यू टीम और वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। कुछ देर बाद तेंदुआ बाथरूम से निकलकर श्रीजी वैली होते हुए देवगुराड़िया की पहाड़ियों की ओर भाग गया। देर रात करीब एक बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया।
सीसीटीवी से खंगाली जा रही तेंदुए की मूवमेंट
पुलिस और वन विभाग की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि तेंदुए की सटीक मूवमेंट का पता लगाया जा सके। घटना के बाद आसपास की कॉलोनियों और गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिंजरा और ट्रैंक्विलाइज़र गन के साथ चला रेस्क्यू
वन विभाग की टीम पिंजरा और ट्रैंक्विलाइज़र गन लेकर मौके पर पहुंची थी। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए मकान के आसपास घेराबंदी भी की गई, लेकिन वह टीम को चकमा देकर निकल गया। इसके बाद संभावित ठिकानों, खेतों और झाड़ियों में देर रात तक सर्चिंग की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बारिश के कारण जंगल से भटककर आने की आशंका
वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेश कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही रालामंडल अभयारण्य की रेस्क्यू टीम और इंदौर रेंज का स्टाफ मौके पर पहुंच गया था। सीसीटीवी फुटेज में डिलीवरी बॉय पर तेंदुए का हमला स्पष्ट दिखाई दे रहा है। हालांकि देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन में तेंदुआ नहीं मिला। आशंका है कि वह वापस जंगल क्षेत्र की ओर लौट गया है। वन अधिकारियों का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तेंदुआ खुड़ैल-रालामंडल के जंगल क्षेत्र से भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। बिचौली मर्दाना और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई बार तेंदुओं की मौजूदगी सामने आ चुकी है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और तेंदुआ दिखाई देने पर भीड़ लगाने के बजाय तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें। एहतियात के तौर पर पुलिस की टीमें भी इलाके में लगातार गश्त कर रही हैं। वन विभाग की रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि रात करीब एक बजे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया था। मकान से निकलने के बाद तेंदुआ देवगुराड़िया की पहाड़ियों की ओर जाता दिखाई दिया। फिलहाल सुबह से कोई सर्चिंग नहीं की गई है, लेकिन विभाग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। तेंदुए के दोबारा दिखाई देने की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

