गुना में तालाब किनारे मिला तेंदुए का शव, वाहन की टक्कर से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
गुना में तालाब किनारे मिला तेंदुए का शव, वाहन की टक्कर से मौत की आशंका


गुना में तालाब किनारे मिला तेंदुए का शव, वाहन की टक्कर से मौत की आशंका


गुना, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र स्थित सबरीनाथ ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह एक तेंदुए का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब के पास मृत अवस्था में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच कुछ लोग सबरीनाथ तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान तालाब किनारे एक तेंदुआ अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। मृत तेंदुआ कम उम्र का मेल शावक बताया जा रहा है। घटना की सूचना तुरंत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और वन विभाग को दी गई।

वन विभाग ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही राघौगढ़ वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तेंदुए के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

सिर में चोट मिलने से हादसे की आशंका

वन विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक मृत तेंदुआ करीब एक वर्ष का मेल शावक था। प्रारंभिक जांच में किसी संघर्ष या शिकार के संकेत नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट पाए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई होगी।

जंगल से लगा है क्षेत्र

वन विभाग के अनुसार सबरीनाथ का इलाका जंगल और राजस्व सीमा से सटा हुआ है। इस क्षेत्र में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में वन्यजीवों के सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story